
हाजीपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘नो व्हीकल डे’ के आह्वान का शनिवार को वैशाली में असर दिखा। जिलाधिकारी वर्षा सिंह सहित कई पदाधिकारी पैदल और ई-रिक्शा से अपने कार्यालय पहुंचे। समाहरणालय परिसर में वाहन पार्किंग स्थल पर सन्नाटा पसरा रहा। जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने वैशाली जिला वासियों से अपील की कि सरकार के आह्वान का पालन करें और सप्ताह में एक दिन ई-रिक्शा, पैदल या साइकिल से कार्यालय आकर कार्य निपटाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि फ्यूल का कम से कम उपयोग करें। सप्ताह में एक दिन ‘नो फ्यूल डे’ मनाएं। जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी अपने आवास से त्रिमूर्ति चौक तक ई रिक्शा से और वहां से उतरकर गांधी चौक होते हुए अपने कार्यालय अधिकारियों के साथ पैदल पहुंची।
