
सीवान। शहर के महादेव रोड स्थित कचहरी दुर्गा मंदिर में रविवार की संध्या साढ़े पांच बजे मां दुर्गा की प्रतिमा के गले से दो सोने के हार चोरी होने की घटना से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि इस मंदिर में हार चोरी की यह दूसरी घटना है. पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि वह कुछ देर के लिए मोटर चालू करने बाहर गए थे. इसी दौरान एक युवती मंदिर में पहुंची और श्रद्धालु की तरह “मां” कहकर प्रतिमा के सामने खड़ी हो गई। मौका मिलते ही उसने मां दुर्गा की प्रतिमा के गले में पड़े दो सोने के हार काट लिए और तेजी से फरार हो गई।
कुछ देर बाद जब पुजारी लौटे तो हार गायब देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुट गए। सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद एसडीपीओ तथा पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक युवती वारदात को अंजाम देकर भागते हुए स्पष्ट दिखाई दे रही है।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि फुटेज के आधार पर युवती की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए दोनों सोने के हार बरामद कर लिए जाएंगे।
