
अररिया । जिले के पलासी थाना क्षेत्र के पिपरा बिजवार में बुधवार के दोपहर मुहर्रम ताजिया जुलूस के दौरान ताजिया के हाई वोल्टेज वाली 33 हजार केवी तार में सट जाने से करीबन दो दर्जन लोग करंट लगने से घायल हो गए।
ताजिया के साथ जुलूस खेत से होकर लोगों के दरवाजे दरवाजे पर जाने के क्रम में यह हादसा हुआ।सभी घायलों को पलासी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए लाया गया है।जहां चिकित्सकों के द्वारा घायलों का इलाज किया जा रहा है।वहीं कई घायलों को अररिया सदर अस्पताल भी रेफर किया गया है।वहीं आधा दर्जन से अधिक करंट लगने से झुलसे सदर अस्पताल में भी भर्ती है।जिला प्रशासन की ओर से मुहर्रम जुलूस को लेकर यूं तो बिजली काटी गई थी,लेकिन ग्रीड में आने वाले हाई वोल्टेज तार के ताजिया के संपर्क में आने से यह हादसा घटित हुआ।
पलासी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण जनप्रतिनिधि के साथ ग्रामीण और थाना पुलिस पहुंचे हैं।मामले की पुष्टि पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने भी करते हुए कहा कि 33 हजार केवी वाले हाई वोल्टेज तार के संपर्क में ताजिया आ गया था।जिससे लोगों को करंट लगी।उन्होंने करीबन डेढ़ दर्जन लोगों के अब तक करंट लगने से घायल होने की बात कही।
पलासी के पिपरा बिजवार के मुखिया आदिल आजाद ने दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की बात करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के इलाज के लिए समुचित प्रबंध और एंबुलेंस नहीं होने की बात कही।उन्होंने कहा कि प्रशासन के आलाधिकारियों को घटना की सूचना दी गई है।बावजूद इसके घायलों और रेफर को अररिया भेजने का समुचित प्रबंध नहीं किया गया है।आॅटो या अन्य निजी गाड़ी से घायलों को अररिया सदर अस्पताल इलाज के लिए भेजा जा रहा है।
