
रामगढ़। पतरातू में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के लिए निकले राहुल दुबे गैंग के दो अपराधियों को पुलिस ने घटना करने से पहले ही दबोच लिया। उनके पास से एक देसी कार्बाइन, एक देशी पिस्तौल, पांच जिंदा गोली बरामद की गई है।
मंगलवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने इस मामले की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि राहुल दुबे गैंग के दो अपराधी बाईक जेएच 02 एबी 5319 पर सवार होकर किसी अपराध को अंजाम देने के लिए निकले थे। लेकिन पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में चल रही एंटी क्राइम चेकिंग के जाल में फंस गए।
पतरातू थाना क्षेत्र के हेसला गांव के समीप पुलिस ने बाइक पर सवार दो व्यक्तियों को रोका। पूछताछ के दौरान उन लोगों ने अपना नाम हेसला निवासी कारण करमाली और जनता नगर टाइप-1 निवासी शिवम मिश्रा उर्फ शिवम आनंद उर्फ नंदू बताया। पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो कारण करमाली के पास से 7.65 एमएम का लोडेड देशी पिस्तौल मिला। उसके पिस्टल में तीन गोलियां मौजूद थीं।
साथ ही बाइक के करियर में एक थैला भी टंगा हुआ मिला, जिससे 9 एमएम का लोडेड देशी कार्बाइन बरामद किया गया। उस कार्बाइन में दो गोली मौजूद थी। उन लोगों ने बताया कि वे लोग राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं और राहुल दुबे के इशारे पर ही गोली चलाने के लिए निकले थे।
एसपी ने बताया कि करण करमाली और शिवम मिश्रा ने एक दूसरी घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन लोगों ने पूछताछ में बताया कि 04 अप्रैल को पतरातु स्थित ओसम डेयरी प्लांट में भी गोलीबारी हुई थी। वहां गोली चलाने में भी वे दोनों शामिल रहे थे।
छापेमारी में पतरातू इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा शामिल थे।
