
शेनझेन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग गुरुवार को शेनझेन में पहली त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) मंच से इतर होने वाली इस बहुप्रतीक्षित बैठक में परमाणु हथियारों में कटौती, ईरान संकट और वैश्विक रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस बैठक से किसी तत्काल समझौते की उम्मीद नहीं है।



इससे पहले बुधवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने शेनझेन के बाओआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भव्य स्वागत किया। इस दौरान चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के जवानों ने उन्हें सलामी दी। एक बच्ची ने ट्रंप को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। स्वागत समारोह में चीन और अमेरिका के राष्ट्रीय ध्वज लगाए गए तथा सैन्य बैंड ने दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए। लड़ाकू विमानों ने भी हवाई सलामी दी।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, शी जिनपिंग ने ट्रंप के स्वागत के दौरान सितंबर में अपनी अमेरिका यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चीन शिष्टाचार को महत्व देता है और दूसरे देशों की सद्भावना का जवाब उसी भावना से देता है। शी ने कहा कि वह ट्रंप के साथ द्विपक्षीय संबंधों, एशिया-प्रशांत सहयोग और वैश्विक परिस्थितियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं।
वहीं, ट्रंप ने विशेष स्वागत व्यवस्था के लिए शी जिनपिंग का आभार जताया। उन्होंने चीन को महान देश और शी को महान नेता बताते हुए कहा कि उनके साथ हर मुलाकात सुखद रही है। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देगी।
परमाणु हथियारों में कटौती पर होगी चर्चा
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप की योजना शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के साथ परमाणु हथियारों में कटौती के मुद्दे पर बातचीत करने की है। हालांकि, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि इस चर्चा को भविष्य में संभावित वार्ताओं की शुरुआत के रूप में देखा जाना चाहिए। फिलहाल किसी समझौते की उम्मीद नहीं है।
बैठक में ईरान संकट भी प्रमुख मुद्दा रहेगा। ट्रंप चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्षों के साथ ईरान से जुड़े हालात पर चर्चा करना चाहते हैं। हालांकि, यूक्रेन युद्ध को इस बैठक के एजेंडे में शामिल किए जाने की संभावना नहीं है। इस मुद्दे पर रूस के साथ अलग से बातचीत जारी है।
व्यापार समझौतों और रेयर अर्थ पर भी नजर
बैठक में रणनीतिक मुद्दों के अलावा चीन-अमेरिका व्यापार संबंधों पर भी चर्चा होगी। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल नए टैरिफ समझौते की घोषणा के बजाय पहले से हुए समझौतों को लागू करने पर जोर रहेगा।
इस सप्ताह अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों ने चीनी अधिकारियों के साथ ‘बोर्ड ऑफ ट्रेड’ के तहत बातचीत की थी। इसमें टैरिफ में संभावित बदलाव और गैर-टैरिफ व्यापारिक बाधाओं पर चर्चा हुई।
अमेरिका चीन से दुर्लभ खनिजों (रेयर अर्थ) और उनसे जुड़े उत्पादों की आपूर्ति की गति और मात्रा को लेकर असंतुष्ट है। इसी वजह से बुसान समझौते की अवधि छह महीने के बजाय केवल दो महीने के लिए बढ़ाई गई है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप इस मुद्दे को शी जिनपिंग के सामने प्रमुखता से उठा सकते हैं।
कुल मिलाकर, तीनों वैश्विक नेताओं की यह बैठक परमाणु सुरक्षा, क्षेत्रीय तनाव और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

