वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के साथ ट्रेड डील पर बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि चीन के साथ ट्रेड डील हो गई है। इसके साथ ही उन्होंने इशारा किया कि भारत के साथ जल्द ही बहुत बड़ी डील होने वाली है। ट्रंप ने गुरुवार (स्थानीय समयानुसार) को बिग ब्यूटीफुल बिल कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रंप ने व्यापार सौदों की ओर इशारा किया और कहा ‘हर कोई एक डील करना चाहता है और उसका हिस्सा बनना चाहता है।’ इस दौरान उन्होंने मीडिया में हो रही आलोचनाओं को लेकर नाराजगी भी जाहिर की।

ट्रंप ने कहा, ‘कुछ महीने पहले का याद कीजिए। प्रेस कह रहा था, क्या वाकई कोई ऐसा है, जिसे कोई दिलचस्पी हो? खैर, हमने कल ही चीन के साथ (सौदे पर) हस्ताक्षर किए हैं। हम कुछ बेहतरीन डील कर रहे हैं। हम भारत के साथ शायद एक डील करने जा रहे हैं। बहुत बड़ी।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जहां हम भारत के लिए दरवाजे खोलने जा रहे हैं, वहीं चीन के साथ सौदे में हम चीन के लिए दरवाजे खोलने की शुरुआत कर रहे हैं।’

हर किसी से सौदा नहीं : इस दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका हर देश के साथ सौदा नहीं करेगा। उन्होंने कहा, ‘हम हर किसी के साथ डील नहीं करने जा रहे हैं। कुछ लोगों को हम बस एक पत्र भेजेंगे और बहुत-बहुत धन्यवाद कहेंगे। आपको 25,35, 45 प्रतिशत का भुगतान करना होगा। यह करने का आसान तरीका है और मेरे लोग इसे इस तरह से नहीं करना चाहते हैं।’

भारत से संभावित डील को बताया अभूतपूर्व : उन्होंने कहा, ‘हम कुछ बेहतरीन डील कर रहे हैं। एक डील हमारे पास आने वाली है, शायद भारत के साथ।’ भारत और चीन के साथ ट्रेड डील का जिक्र करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ऐसी चीजें हो रही हैं जो ‘वास्तव में कभी नहीं हो सकती थीं। हर देश के साथ संबंध बहुत अच्छे रहे हैं।’ ट्रंप ने इसके पहले ट्रुथ सोशल पर घोषणा की थी कि चीन के साथ डील पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि दोनों देश निर्यात प्रतिबंधों में ढील देंगे। ट्रंप ने कैपिटल लेटर में पोस्ट किया, ‘चीन के साथ हमारा सौदा पूरा हो गया है।’ उन्होंने कहा कि चीन जेनेवा रूपरेखा के अनुसार, ‘पूर्ण चुम्बक और कोई भी जरूरी रेयर अर्थ एलीमेंट्स’ की अग्रिम आपूर्ति करेगा।

Share.

Leave A Reply

Exit mobile version