
बोकारो। रांची-वाराणसी के बाद बोकारो को मिलने वाली दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस का तकनीकी ट्रायल रन मंगलवार को किया गया। यह ट्रेन सुबह टाटानगर से चली और बोकारो होते हुए पटना तक गई। बोकारो रेलवे स्टेशन पर स्थानीय अधिकारियों ने ट्रेन के क्रू मेंबर का स्वागत किया और आगे के लिए रवाना कर दिया।
20 सितंबर से शुरू हो सकता है परिचालन
आगामी 15 सितंबर को ट्रेन का उद्घाटन होना है। संभावना है कि 20 सितंबर से इसका नियमित परिचालन होगा। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास कुमार ने बताया कि ट्रायल रन पूरा हो चुका है। इसका किराया अन्य वंदे भारत की तर्ज पर ही रहेगा।
टाटानगर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का टाइम टेबल
जारी समय सारणी के अनुसार, ट्रेन सुबह 5.30 बजे टाटा से चली, इसके बाद 7.13 बजे मुरी, 8.08 बजे बोकारो, 8.53 बजे गोमो, 10.55 में गया और 12.20 बजे पटना जंक्शन पहुंची।
वापसी में पटना से यह ट्रेन दोपहर बाद 2.15 बजे चलेगी। गया में वापसी में यह ट्रेन 3.40, गोमो में शाम 04 बजकर 58 मिनट, 6.20 बजे बोकारो, शाम 07.08 बजे मुरी तथा रात्रि 9.05 पर टाटा पहुंचेगी।
टाटा से पटना तक की दूरी ट्रेन छह घंटे 50 मिनट तथा बोकारो से पटना तक की दूरी मात्र 04 घंटा 10 मिनट में पूरा करेगी।
