पटना। बिहार में बसों के किराये में 10 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। बढ़ा किराया एक जून से लागू होगा। परिवहन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। 50 किमी तक 15%, 100 किमी तक 14%, 150 किमी तक 13%, 200 किमी तक 12%, 250 किमी तक 11% और 300 किलोमीटर से अधिक की दूरी पर 10% किराया में वृद्धि हुई है। साधारण बस सेवा में 50 किमी तक यात्रा करने पर अब प्रति किलोमीटर 1.73 रुपये किराया देना होगा। पहले दर 1.50 रुपये थी।

100 किमी तक के लिए प्रति किमी 1.71 रुपये, 200 किमी तक प्रति किमी 1.68 और 300 किमी से अधिक के लिए 1.65 रुपये प्रति किमी किराया होगा। डीलक्स, डीलक्स एसी और वॉल्वो बसों के किराए में भी वृद्धि हुई है। डीलक्स बस सेवा में 50 किमी तक प्रति किलोमीटर 1.96 रुपये, 100 किमी तक 1.92 और 200 किमी तक 1.89 रुपये प्रति किमी के हिसाब से किराया तय किया गया है।

डीलक्स एसी में 50 किमी तक 2.30 रुपये, 100 किमी तक 2.28 तथा 200 किमी तक प्रति किमी 2.24 रुपये किराया लगेगा। वॉल्वो में 50 किमी तक 2.88, 100 किमी तक 2.85, 200 किमी तक 2.80 तथा 300 किमी से अधिक दूरी पर प्रति किमी 2.75 रुपये लगेगा।

सिटी बसों का भी किराया बढ़ा : बिहार के शहरों में चलने वाली नगरीय बस सेवा में प्रथम चार किलोमीटर के लिए प्रति किमी 1.84 रुपए एवं अगले प्रत्येक दो किलोमीटर के लिए 1.73 रुपये किराया तय किया गया है। पहले यह किराया क्रमश: 1.60 और 1.50 रुपये था।परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों को निर्देश दिया है कि वे नई किराया सूची को बस स्टैंड और बसों में प्रमुखता से प्रदर्शित करेंगे। विभाग ने आदेश में यह भी कहा है कि बसों के प्रारंभ स्थान से गंतव्य स्थान तक के किराए का निर्धारण राज्य/क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार द्वारा किया जाएगा। गौर हो कि हाल के दिनों डीजल और सीएनजी की कीमत बढ़ने के कारण किराया बढ़ाया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version