पटना। राजधानी पटना समेत 11 शहरों में टाउनशिप विकसित करने के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। राज्य कैबिनेट की स्वीकृति के अगले ही दिन गुरुवार को नगर विकास एवं आवास विभाग ने इसका संकल्प जारी कर दिया। इसमें प्रस्तावित टाउनशिप की चौहद्दी, कोर एरिया और स्पेशल एरिया को चिह्नित किया गया है। टाउनशिप के कोर और स्पेशल एरिया में कौन-कौन से प्रखंड के शहरी या राजस्व ग्राम आएंगे, इसकी पूरी सूची जारी की गई है। इन सभी इलाकों में जमीन की खरीद-बिक्री या हस्तांतरण के साथ जमीन के विकास और भवन निर्माण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।पटना में जोनल प्लान जबकि सोनपुर, गयाजी, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया एवं मुंगेर में मास्टरप्लान अधिसूचित करने के लिए 31 मार्च, 2027 तक यह रोक प्रभावी होगी। वहीं मुजफ्फरपुर, छपरा, भागलपुर एवं सीतामढ़ी में आयोजना क्षेत्र का विस्तार करते हुए मास्टरप्लान अधिसूचित होगा इसलिए यहां 30 जून 2027 तक रोक लगाई गई है।पटना में विकसित की जाने वाली टाउनशिप का कोर एरिया पुनपुन प्रखंड में होगा जिसमें एक दर्जन राजस्व गांव होंगे। इनमें अब्दलपुर पिपरा, बाजिदपुर, पिपरा, पनवार, नुरुद्दीनपुर, डुमरी, नादपुर, खैरी, खापुरा, कालियानपुर बैसावां, पिपरा चक, सिकंदरपुर गांव शामिल हैं। इसके लिए 1010 एकड़ में कोर एरिया चिह्नित की गई है। वहीं भविष्य में टाउनशिप के विकास को देखते हुए 81 हजार 730 एकड़ का स्पेशल एरिया चिह्नित किया गया है, इसमें पुनपुन, फतुहा, संपतचक, पटना ग्रामीण, धनरूआ, दनियावां, मसौढ़ी, फुलवारी प्रखंड के 275 राजस्व ग्राम शामिल हैं। पटना में फिनेटक सिटी, स्पोटर्स सिटी, लॉजिस्टिक हब, ज्यूडिशियल एकेडमी आदि टाउनशिप का हिस्सा होंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version