
रामगढ़ । रांची-पटना मुख्य मार्ग पर चुटूपालू घाटी में रविवार रात करीब 10 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। रामगढ़-रांची लेन में एक कंटेनर ने बलेनो कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल रामगढ़ में किया गया।
हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। दोनों के सहयोग से कार में फंसे तीन लोगों को तत्काल निकाल कर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि, दो लोगों को घंटों मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन घायलों का इलाज किया गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई।
घाटी में लगा जाम : प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अनियंत्रित कंटेनर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और चुटूपालू घाटी में भीषण जाम लग गया। सड़क के बीच कंटेनर पलटने से यातायात बहाल करने में परेशानी हुई। घायल महिला रीना चक्रवर्ती ने बताया कि रांची से हजारीबाग जा रहे थे। इसी घाटी कंटेनर कार को चपेट में ले लिया। कार में चालक राजू कुमार, पी चक्रवर्ती, एस चक्रवर्ती, पी चक्रवर्ती सवार थे।

