
पटना । बिहार के औरंगाबाद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। आंध्र प्रदेश से आए श्रद्धालुओं को ले जा रही एक पर्यटक बस राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक ट्रक से टकरा गई। यह हादसा रविवार देर रात औरंगाबाद मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भभानी होटल के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लगभग 40 श्रद्धालु आंध्र प्रदेश से बोधगया में दर्शन के बाद वाराणसी जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस चालक आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।



मृतकों की पहचान 50 वर्षीय हजरतय्या, 43 वर्षीय पद्मावती और 64 वर्षीय पशुलेटी वेंकटेश के रूप में हुई है, जो आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के संगमा गांव के निवासी थे। सदर अस्पताल, औरंगाबाद के डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
घायलों में सुभानम्मा, नरेंद्र रेड्डी और प्रसाद शामिल हैं, जबकि 7 से 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
