हजारीबाग। बरही थाना क्षेत्र के बरही चौक के समीप जय माता दी ज्वेलर्स में 16 नवंबर को हुई दिनदहाड़े लूट की घटना का पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे में ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए सभी आभूषण, हथियार, स्कूटी सहित अन्य सामान बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।

उल्लेखनीय हो कि सुबह करीब 9 बजे चार अपराधी दुकान में ग्राहक बनकर घुसे। इनमें से एक ने मालिक जयप्रकाश चौधरी की पत्नी पर हथियार तानकर सोना-चांदी लूट लिया और सभी फरार हो गए। मामले में बरही थाना में मामला दर्ज किया गया था। वहीं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसएएसओआईटी की टीम गठित की गई, जिसने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच, नेटवर्क सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की।

मामले में पहली बड़ी सफलता उस समय मिली जब टीम ने हंटरगंज (झारखंड-बिहार बॉर्डर) से आरोपित इन्द्रराज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त बाइक, हथियार और आभूषण बरामद किए गए। इसके बाद टीम को सूचना मिली कि दो अन्य अपराधी चोपन (उत्तर प्रदेश) की ओर भाग रहे हैं। त्वरित छापेमारी में पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से भी घटना से जुड़े सामान और हथियार मिले। गिरफ्तार अपराधियों में धनञ्जय चौधरी उर्फ छोटु, इन्द्रराज चौधरी, रोशन यादव तीनों बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं और कई पूर्व आपराधिक मामलों में भी शामिल रहे हैं। इनके पास से सोना के आभूषण 946 ग्राम, चांदी , 1.760 किलो (कुल कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपए), लूट में प्रयुक्त स्कूटी (केटीएम), देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस टीम में बरही एसडीपीओ, थाना प्रभारी बरही, एसएएसओआईटी टीम सहित कुल 19 पुलिसकर्मियों ने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version