
मुंबई । बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को मुंबई पुलिस को इस धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिली, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि यह ईमेल मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) इलाके में स्थित एक स्कूल को मिला था। फिलहाल पुलिस धमकी की गंभीरता और उसकी सच्चाई का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की बात कही गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि धमकी उनके चर्चित बंगले ‘जलसा’ को लेकर थी या ‘प्रतीक्षा’ को। मुंबई पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ईमेल किसने भेजा और धमकी के पीछे क्या मंशा है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की बरामदगी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।BMC कार्यालय को भी मिला था धमकी भरा ईमेलयह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब इससे पहले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) कार्यालय को भी धमकी भरा ईमेल मिला था। इसके बाद कार्यालय में सुरक्षा जांच की गई। मुंबई पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या सामग्री नहीं मिली थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बीच सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे संदेशों को गंभीरता से ले रही हैं और उनकी जांच कर रही हैं।इससे पहले 20 मार्च को मुंबई प्रेस क्लब को भी एक धमकी भरा ईमेल मिला था। ईमेल में दावा किया गया था कि इमारत के भीतर जहरीली गैस से जुड़े 42 छोटे विस्फोटक उपकरण लगाए गए हैं, जो दोपहर एक बजे फट सकते हैं। संदेश में इमारत खाली कराने की मांग भी की गई थी।हालांकि, ईमेल में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई थी। उस मामले में भी सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती गई थी। फिलहाल अमिताभ बच्चन के बंगले को लेकर मिली ताजा धमकी के मामले में पुलिस की जांच जारी है। धमकी वास्तविक है या महज डर फैलाने की कोशिश, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।




