
रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस की उस मानसिकता को दर्शाता है, जो एक साधारण परिवार से निकलकर देश की सेवा में समर्पित नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर पा रही है। साहू ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस और तमाम विपक्षी पार्टियों को गरीब नाम से ही नफरत है। कोई गरीब देश के सर्वोच्च कुर्सी पर बैठे, यह इन्हें बर्दाश्त नहीं हो रहा है। यह राजघराने के लोग हैं, सोने-चांदी के चम्मच में खाने वाले लोगों को भला गरीब लोग कैसे पसंद आ सकते हैं? जब कभी कोई गरीब व्यक्ति ऊंचा पायदान चढ़ता है तो इन्हें नागवार गुजरता है।



साहू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर, शोषित और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। यही कारण है कि देश की 140 करोड़ जनता नरेंद्र मोदी एवं भाजपा को पसंद भी करती है और झोली भर-भर के आशीर्वाद भी देती है। जब से नरेंद्र मोदी पीएम बने हैं, एक सेवक के रूप में उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया है। साहू ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस ने अपनी नकारात्मक और अमर्यादित राजनीति का परिचय दिया है। इसके पहले भी कई बार जब भी राहुल गांधी, कांग्रेस या विपक्षी दलों को मौका मिला है, इन्होंने प्रधानमंत्री को गालियां बककर अपमानित करने का काम किया है।
राहुल गांधी विदेशों में जाकर भी देशवासियों को लगातार अपमानित और बदनाम करने का काम करते रहे हैं। देश में या किसी भी राज्य में जब भी कोई चुनाव होता है तो 80% जनता नरेंद्र मोदी और भाजपा को पसंद करती है। जबकि, कांग्रेस और विपक्षी पार्टी को नकारती रही है। जैसे कोई मछली बिना पानी के तड़पती है, उसी प्रकार राहुल गांधी और कांग्रेस आज सत्ता के बिना छटपटा रहे हैं। साहू ने कहा कि चुनाव के समय लोग ये लोग गरीब की बात करते रहे हैं और चुनाव के बाद लोग गरीब किसानों को भूलने का काम करते हैं। लेकिन, नरेंद्र मोदी की सरकार गरीब किसानों के प्रति समर्पित रही है.

