पटना। नीतीश सरकार कृषि विभाग में विभिन्न श्रेणी के तीन हजार रिक्त पदों पर शीघ्र ही नियुक्तियां करेगी। कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने सोमवार को कृषि भवन सभागार में यह घोषणा की। मीठापुर स्थित कृषि निदेशालय में कृषि विभाग के 28 सहायक निदेशक स्तर के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को पांडेय संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विभाग में रिक्त पड़े एक हजार नए पदों को यथाशीघ्र भरा जाएगा और दो हजार अतिरिक्त नई नियुक्तियों का विज्ञापन विभिन्न पदों के लिए शीघ्र ही निकाला जाएगा। मंगल पांडेय ने कहा, विभाग की कोशिश है कि हर प्रकार के सृजित पदों को भर दिया जाए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में कृषि उन्नति कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। किसानों का हित सर्वाेपरि है। मुख्यमंत्र नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में किसानों का समेकित विकास हो रहा है।

इनको मिलेगा नियुक्ति पत्र : पांडेय ने कहा कि कृषि विभाग के बिहार कृषि सेवा कोटि-2 (कृषि अभियंत्रण) संवर्ग के 19 सहायक निदेशक स्तर के पदाधिकारियों एवं बिहार कृषि सेवा कोटि-5 (पौधा संरक्षण) संवर्ग के नौ सहायक निदेशक स्तर के राजपत्रित पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया गया।

कृषि मंत्री ने कहा कि पौधा संरक्षण के नवनियुक्त सहायक निदेशक से मेरी अपेक्षा होगी कि आप किसानों को फसलों की सुरक्षा हेतु जैविक उपायों के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मेरी अपेक्षा होगी कि नवनियुक्त सहायक निदेशक, कृषि अभियंत्रण किसानों को यंत्रों के रख-रखाव तथा उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी देंगे। आप लोग विभाग में पूरी कर्त्तव्यनिष्ठ एवं ईमानदारी से कार्य कर विभाग को नये मुकाम तक ले जाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version