पटना । बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने युवाओं, कलाकारों और लोक कलाओं को बढ़ावा देने के लिए कई घोषणाएं की हैं। मुख्‍यमंत्री प्रत‍िज्ञा योजना के तहत युवाओं को हर महीने पैसा म‍िलेगा।बिहार के वरिष्ठ और आर्थिक रूप से कमजोर कलाकारों को अब सरकार प्रतिमाह पेंशन देगी। मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के तहत ऐसे कलाकारों को 3000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। बिहार मंत्रिमंडल की मंगलवार को हुई बैठक में इस योजना के लिए एक करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की हुई बैठक में कुल 24 प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई है। बैठक के बाद मीडियाकर्मियों को विस्तृत जानकारी देते हुए मंत्रिमंडल के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने बताया कि इस बैठक में मां जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी के पुनौरा धाम को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या की तर्ज पर समग्र विकास के लिए 882 करोड़ 87 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

बिहार में विधानसभा चुनावों की तारीख की घोषणा कभी भी हो सकती है। इससे पहले जहां विपक्ष की ओर से लोक लुभावन वादों की झड़ी लगी हुई है, वहीं राज्य सरकार की ओर से लगातार नई योजनाओं की घोषणा हो रही है। हाल ही में बिहार में सरकारी पेंशन योजना के तहत पैसा बढ़ाकर 1100 रुपये करने का फैसला लिया गया। आज मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में भी नीतीश सरकार की ओर से कई घोषणाएं की गईं।

इनमें बिहार के कलाकारों को हर महीने 3000 रुपये पेंशन देने के लिए ‘मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना’ की घोषणा की गई। इसके अलावा लुप्त होती जा रही लोक कलाओं को जीवित रखने के लिए ‘गुरु शिष्य परंपरा योजना’ का ऐलान किया गया। इसके अलावा युवाओं के लिए भी एक खास इंटर्नशिप योजना का ऐलान किया गया है। इस इंटर्नशिप योजना का नाम ‘मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना’ (CM Promotion of Readiness, Awareness and Technical Insights for Guiding Youth Advancement (CM PRATIGYA)) है। इस योजना के लिए पहले साल 2025-26 में कुल 40 करोड़, 69 लाख 24 हजार रुपये खर्च होंगे। इसके बाद 2026-27 से 2030-31 तक हर साल 129 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

4 से 6 हजार रुपये हर महीने : मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के अंतर्गत न्यूनतम 12वीं पास करने वाले छात्रों को भी इंटर्नशिप का मौका मिल सकेगा। बिहार सरकार के मुताबिक इस साल 5000 युवाओं को इस योजना से जोड़ा जाएगा। जबकि अगले 5 साल में एक लाख युवाओं को इस इंटर्नशिप स्कीम का लाभ देने की योजना है। मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना के तहत युवाओं को तीन अलग-अलग श्रेणियों में 4000 रुपये, 5000 रुपये और 6000 रुपये मिलेंगे।

क्या होगी पात्रता : इस योजना के लिए युवाओं को कौशल विकास कार्यक्रम के तहत ट्रेनिंग लेनी होगी। यहां से ट्रेनिंग के बाद आप इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। अगर आप 12वीं पास हैं, तो Stipend के तौर पर 4000 रुपये हर महीने मिलेंगे। अगर आपके पास डिप्लोमा है या आपने ITI से कोर्स किया है तो 5000 रुपये हर महीने मिल सकते हैं। अगर आप ग्रेजुएट या पोस्ट ग्रेजुएट हैं तो 6000 रुपये हर महीने मिलेंगे। ब‍िहार में युवााओं के ल‍िए यह योजना कारगर साब‍ित हो सकती है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version