हजारीबाग। एनटीपीसी के डीजीएम कुमार गौरव हत्याकांड में हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में एक और मुख्य आरोपित मुकेश साव उर्फ प्रभात उर्फ माइकल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक चोरी की बाइक बरामद की गई है। गिरफ्तार अपराधी 36 वर्षीय मुकेश साव, लातेहार जिले के बारियातू थाना अंतर्गत ग्राम चेडरा का रहने वाला है।

गिरफ्तारी की पुष्टि कटकमदाग थाना प्रभारी पंकज कुमार ने की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक छापेमारी दल का गठन किया गया। ग्राम बेस के पास से मुकेश साव को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय मुकेश साव के पास से अवैध हथियार और चोरी की बाइक के अलावा तीन मोबाइल फोन बरामद हुए, जो विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाते थे।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मुकेश साव ने स्वीकार किया कि 8 मार्च 2025 को फतहा चौक पर एनटीपीसी के डीजीएम कुमार गौरव की हत्या में वह भी शामिल था। उसने यह भी खुलासा किया कि उसकी योजना और इशारे पर ही अन्य अपराधियों ने हत्या को अंजाम दिया था। इसके अलावा आरोपित ने हजारीबाग, गिद्दी, बालूमाथ, डोरंडा, गिधौर, केरेडारी और कटकमसांडी थाना क्षेत्रों में रंगदारी, हत्या और लूट जैसी कई गंभीर आपराधिक वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने यह भी बताया कि मुकेश साव उर्फ प्रभात उर्फ माईकल पिता निरंजन साव, ग्राम चेडरा थाना बारियातु जिला लातेहार का रहने वाला है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version