
रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची आज जारी हो सकती है। भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक मंगलवार को दिल्ली में हुई। देर रात तक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, असम के मुख्यमंत्री सह चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने बैठक की।
इससे पहले दोपहर में भी विधानसभावार प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा हुई। झारखंड में चुनाव समिति ने प्रत्येक सीट पर तीन-तीन उम्मीदवारों के नाम तय किए थे। इन नामों पर ही संसदीय बोर्ड की बैठक में विचार किया गया। जानकारी के मुताबिक, दो सूचियों में भाजपा अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। पहली सूची बुधवार को जारी होने का आसार है।
भाजपा के द्वारा तकरीबन चार से पांच सीटों पर सीटिंग विधायकों का पत्ता कट सकता है। वहीं, एक सीटिंग विधायक की सीट बदलने की भी चर्चा है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा में कुछ नए लोगों की इंट्री हो सकती है। उन्हें भी भाजपा टिकट देगी। आजसू व जदयू के साथ भी सीटें फाइनल हैं। मांडू की सीटिंग सीट भाजपा अपने सहयोगी आजसू के लिए छोड़ सकती है। मांडू के भाजपा विधायक ने कांग्रेस ज्वाइन कर लिया था, वहीं इस सीट पर आजसू के प्रत्याशी बीते चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे थे। ऐसे में इस सीट को आजसू को दिया जाना लगभग तय है। वहीं बड़कागांव सीट पिछले बार आजसू के खाते में थी, इस बार इस सीट को भाजपा को गठबंधन के तहत सौंपा जा सकता है। रामगढ़, सिल्ली, गोमिया, डुमरी, मांडू, जुगसलाई, ईचागढ़, लोहरदगा, पाकुड़, मनोहरपुर व टुंडी सीट आजसू के खाते में आ सकती है।
कुछ सीटों पर विपक्षी दलों के नेताओं पर नजर: राज्य की कुछ सीटो पर विपक्षी दलों के नेताओं पर नजर है। जानकारी के मुताबिक, तीन से चार बड़े चेहरों को शामिल कराकर भाजपा उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित कर सकती है। कुछ सीटिंग सीटों पर भी विपक्षी दलों के नेताओं को लाकर उम्मीदवार बनाया जा सकता है
