पटना। बिहार के 94 लाख से अधिक बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सम्राट सरकार ने दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव का ऐलान किया। अब लाभार्थियों को अपनी पेंशन राशि के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

हर महीने सैलरी तरह 10 तारीख को सीधे उनके खातों में पेंशन का पैसा ट्रांसफर किया जाएगा। बिहार सरकार के मुताबिक, इस नई व्यवस्था का उद्देश्य वित्तीय सहायता को अधिक पारदर्शी, सुलभ और समयबद्ध बनाना है। बुधवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर सुविधा का शुभारंभ किया।

डीबीटी से सीधे खातों में भेजे गए 1096.44 करोड़ : बिहार समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 94 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में कुल 1096.44 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि डिजिटल माध्यम से ट्रांसफर की। सरकार ने कहा कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग को समय पर सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि की 1100 की गई : बिहार सरकार ने लाभार्थियों को मिलने वाली मासिक आर्थिक मदद में बड़ा इजाफा किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले इस योजना के तहत लाभार्थियों को मात्र 400 रुपये प्रति माह दिए जाते थे, जिसे अब बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। राशि में हुई इस वृद्धि से राज्य के लाखों परिवारों को मजबूत आर्थिक सहारा मिलेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version