
पटना। बिहार एसटीएफ ने कोढ़ा गैंग के अपराधियों पर शिकंजा कसने और उनके अपराधों के उद्भेदन के लिए विशेष पहल की है। इसके लिए एसटीएफ में कोढ़ा सेल का गठन किया गया है। यह सेल कोढ़ा गैंग के सदस्यों का फोटो, नाम, पता और उनके पूरे पारिवारिक विवरण का डाटा एकत्र कर रहा है।
एसटीएफ के अनुसार, राज्य या देश के किसी भी हिस्से में कोढ़ा गैंग के सदस्य द्वारा अपराध किए जाने की सूचना मिलने पर संबंधित कोढ़ा सेल से संपर्क किया जा सकेगा। सेल में उपलब्ध डाटा के आधार पर अपराधी के फोटो की पहचान करने के साथ ही उसके नाम और पते का सत्यापन किया जाएगा। इससे अपराध के उद्भेदन में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलने की उम्मीद है। एसटीएफ ने बताया कि अब तक बिहार और राज्य के बाहर कोढ़ा गैंग द्वारा की गई कई घटनाओं में इस सेल की मदद से अपराधियों की फोटो पहचान की गई है। इसके बाद मामलों का उद्भेदन करते हुए लूटे गए रुपये की बरामदगी भी की गई है।
विशेष सेल के गठन से कोढ़ा गैंग से जुड़े अपराधियों की पहचान और उनके आपराधिक मामलों के सत्यापन की प्रक्रिया को तेज करने में मदद मिलेगी। इससे दूसरे राज्यों में होने वाली घटनाओं में भी बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के बीच समन्वय बेहतर होने की संभावना है।

