
श्रीनगर । दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकियों के हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक जवान शहीद हो गया। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब 12.30 बजे अनंतनाग शहर में तैनात हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी पर एक आतंकी ने गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हेड कॉन्स्टेबल कुरैशी मध्य कश्मीर के बीरवाह इलाके के रहने वाले थे। वह जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप से जुड़े थे और अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में तैनात थे। वारदात के तुरंत बाद भारी सुरक्षा बल मौके पर भेजे गए और हमलावर को पकड़ने के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि उन्होंने हालात की समीक्षा के लिए डीजीपी नलिन प्रभात से बात की। उपराज्यपाल ने कहा कि इस जघन्य कृत्य के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। जम्मू-कश्मीर पुलिस और हमारे सुरक्षा बल दोषियों को सजा दिलाएंगे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
