रांची । राजधानी रांची समेत राज्य के 12 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान गुमला का न्यूनतम पर 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रांची सहित पलामू,गढ़वा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में शीतलहर और कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।

कई जिलों का पारा 10 डिग्री से नीचे : रांची समेत अन्य जिलों में कोहरा का असर कम होने के कारण ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं राज्य के कई जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। डालटेनगंज का न्यूनतम तापमान 8.01, बोकारो का 9.5, चाईबासा का 9.6, खूंटी का 8.0, लोहरदगा का 8.2 , लातेहार का 7.9 और सरायकेला का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि 26 जनवरी को सुबह में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा और बाद में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। 28 से 31 जनवरी तक राज्य के अधिकांश हिस्सों का मौसम साफ रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग की ओर से अगले 24 घंटे के लिए शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के उत्तर पश्चिमी और मध्यवर्ती भागों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। जिसके कारण रांची समेत अन्य क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं अगले एक सप्ताह के दौरान रांची और आसपास में मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। जबकि न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 22- 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version