
पटना।तेज प्रताप और अनुष्का यादव के रिलेशनशिप की खबरों पर नया अपडेट आया है। दरअसल, तेज प्रताप की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में वो अनुष्का यादव नाम की एक लड़की के साथ दिख रहे हैं। तस्वीर के साथ एक मैसेज भी वायरल हो रहा है। तेज प्रताप यादव ने अब इस पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि किसी ने AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल करके उनकी तस्वीर को गलत तरीके से एडिट किया है और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
अनुष्का यादव वाली तस्वीर पर तेज प्रताप की सफाई
अब तेज प्रताप यादव ने वायरल तस्वीर को झूठा बताया है। उन्होंने X पर लिखा है कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट को हैक कर लिया गया है। उनकी तस्वीरों को AI का इस्तेमाल करके गलत तरीके से एडिट किया जा रहा है। इससे उन्हें और उनके परिवार वालों को परेशान किया जा रहा है और बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने अपने शुभचिंतकों और फॉलोवर्स से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
तेज प्रताप के फेसबुक अकाउंट पर हुआ पोस्ट
दरअसल, तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से अनुष्का यादव नाम की एक लड़की की तस्वीर पोस्ट की गई। इस तस्वीर में तेज प्रताप यादव भी दिख रहे हैं। तेज प्रताप यादव के फेसबुक पेज पर लिखा था, ‘मैं तेज प्रताप यादव और मेरे साथ इस तस्वीर में जो दिख रही हैं, उनका नाम अनुष्का यादव है। हम दोनों पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते हैं और प्यार भी करते हैं। हमलोग पिछले 12 सालों से एक relationship में रह रहे हैं। मैं बहुत दिनों से आपलोगों से यह बात कहना चाहता था, पर समझ नहीं आ रहा था कैसे कहूं। इसलिए आज इस पोस्ट के माध्यम से अपने दिल का बात आप सब के बीच रख रहा हूं। आशा करता हूं आपलोग मेरी बातों समझेंगे।’
तेज प्रताप ने गलत मैसेज फैलाने का लगाया आरोप
पूरे मामले पर तेज प्रताप यादव का कहना है कि ये सब गलत है। किसी ने उनकी तस्वीर को एडिट करके गलत मैसेज फैलाया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
