नई दिल्ली । टाटा ग्रुप अहमदाबाद विमान हादसे के पीड़ित परिवारों के लिए एक ट्रस्ट बनाएगा। एयर इंडिया का एक विमान हाल में अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह पिछले 10 साल में देश में सबसे बड़ा हादसा था। टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की एयर इंडिया में लगभग 74% हिस्सेदारी है। यह कंपनी इस ट्रस्ट के लिए 500 करोड़ रुपये देगा। इस ट्रस्ट का नाम AI171 ट्रस्ट होगा।

सूत्रों के मुताबिक टाटा संस का सबसे बड़ा शेयरहोल्डर टाटा ट्रस्ट्स भी AI171 ट्रस्ट के लिए 500 करोड़ रुपये की राशि दान कर सकता है। इस दुर्घटना में 250 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। मारे जाने वाले लोगों में 241 यात्री थे। इसके अलावा जमीन पर भी 19 लोग मारे गए। टाटा संस और एयर इंडिया ने पहले ही मृतकों के परिवारों को 1.25 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।

किसके पास कितनी हिस्सेदारी : टाटा संस के अलावा सिंगापुर एयरलाइंस के पास एयर इंडिया की लगभग 25% हिस्सेदारी है जबकि कर्मचारियों के ट्रस्ट के पास बाकी 1% है। सूत्रों ने बताया कि टाटा संस के बोर्ड ने गुरुवार को इस ट्रस्ट के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। अब आगे की प्रक्रिया में कानूनी काम होंगे। इनमें पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन कराना और ट्रस्टियों का बोर्ड बनाना शामिल है। माना जा रहा है कि टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन AI171 ट्रस्ट को लीड करेंगे। इस ट्रस्ट में टाटा ग्रुप के बाहर के लोग भी शामिल होंगे।

टाटा ग्रुप की होटल कंपनी इंडियन होटल्स (ताज होटल) ने भी 2008 में मुंबई आतंकी हमलों के बाद ताज पब्लिक सर्विस वेलफेयर ट्रस्ट की स्थापना की थी। इसका मकसद पीड़ितों, उनके परिवारों, सुरक्षा बलों और प्रभावित कर्मचारियों की मदद करना था। ताज महल पैलेस होटल ने इन हमलों में अपने 36 लोगों को खो दिया था जिनमें कर्मचारी भी शामिल थे। बाद में ताज पब्लिक सर्विस वेलफेयर ट्रस्ट ने अपना दायरा बढ़ाया और 26/11 के पीड़ितों के अलावा, घायल और विकलांग सैनिकों, प्रवासी मजदूरों, फ्रंटलाइन कर्मचारियों और महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों को भी मदद दी।

गुरुवार को टाटा संस की बोर्ड मीटिंग अचानक बुलाई गई थी। यह मीटिंग टाटा संस के डायरेक्टर और टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा के अहमदाबाद में दुर्घटना स्थल और घायल मरीजों से मिलने के दो दिन बाद हुई। चंद्रशेखरन ने इस घटना के बाद एयरलाइन के कामकाज में अपनी भागीदारी बढ़ा दी है। चंद्रशेखरन एयर इंडिया के चेयरमैन भी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version