औरंगाबाद । दिल्ली के एक कोचिंग सेंटर में हुए हादसे में औरंगाबाद की 24 वर्षीय तान्या की मौत हो गई। तान्या डेढ़ साल से दिल्ली के राजेन्द्र नगर में रहकर आईएएस की तैयारी कर रही थी। कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में अचानक पानी भर जाने से तान्या समेत 2 अन्य छात्रों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी तान्या के परिजनों को टीवी पर खबर देखकर लगी।
तान्या औरंगाबाद के नबीनगर की रहने वाली थी। उनके पिता विजय सोनी तेलंगाना में इंजीनियर हैं और पत्नी के साथ रहते हैं। तान्या का एक भाई आदित्य है, जो हैदराबाद में पढ़ाई करता है। छोटी बहन पलक सोनी उर्फ गुनगुन इलाहाबाद में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। घटना के बाद से परिवार सदमे में है। घर में मातम छाया हुआ है। तान्या के भाई ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर बहन के साथ हुए हादसे की जानकारी मिली। परिजनों के मुताबिक, तान्या पढ़ाई में बहुत होशियार थी। उसे इस बार UPSC में सफलता मिलने की पूरी उम्मीद थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। फिलहाल परिजन तान्या के पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहे हैं।

हादसे के बाद कोचिंग सेंटर्स में सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
यह घटना कोचिंग सेंटर्स में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का एक और उदाहरण है। इससे पहले भी कई कोचिंग सेंटर्स में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई छात्रों की जान जा चुकी है। इस घटना के बाद से कोचिंग सेंटर्स की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version