नोएडा । ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में शुक्रवार से शुरू हुए चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि तमंचों की फैक्ट्री की जगह ब्रह्मोस बन रही है। जिन स्थानों पर पहले वाहन चोरी की घटनाएं होती थीं, वहां अब वाहन निर्माण हो रहा है और चेन स्नैचिंग जैसे अपराधों के लिए बदनाम इलाकों में मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी औद्योगिक परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगरा, अलीगढ़ और अन्य क्षेत्रों में डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से रक्षा क्षेत्र में निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का रक्षा उत्पादन 1 लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार कर चुका है और भारत करीब 80 देशों को रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश का भी महत्वपूर्ण योगदान है।उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय की बनाई जनसंघ आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी बनी और आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि करीब 12 वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेक इन इंडिया अभियान की शुरूआत की थी। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकारों ने मिलकर भारत को उत्पादन और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में काम किया। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद देश ने अपनी विकास दर को बनाए रखा है।शाह ने यूपीआईटीएस को उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर का उदाहरण बताते हुए कहा कि पहले संस्करण में व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश में आने की इच्छा जताई, दूसरे और तीसरे संस्करण में उनकी भागीदारी बढ़ी और अब चौथे संस्करण में उद्यमी प्रदेश के विकास में भागीदार बनने के लिए आगे आ रहे हैं। दुनिया भर से खरीदार और निवेशक ट्रेड शो में पहुंचे हैं। इससे प्रदेश में निवेश, उत्पादन और बिक्री के क्षेत्र में बढ़ोतरी की संभावनाएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने के लक्ष्य में उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version