
गाजियाबाद । ईद पर दोस्त सूर्या चौहान को बुलाकर चाकू मारने वाले गाजियाबाद के असद को योगी की पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। मगर ये एक्शन अभी थमा नहीं है बल्कि अब असद और उसको इतना जघन्य अपराध करने के लिए उकसाने वालों पर भी नकेल कसी जा रही है…जांच में सामने आया कि खोड़ा के नवनीत विहार में जिस मकान में असद अपने मां बाप के साथ रहता था वो सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाया गया था ।
गाजियाबाद में सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद, प्रशासन ने उसके अवैध घर को तोड़ने के लिए 15 दिन का नोटिस जारी किया है। सरकारी बंजर भूमि पर बने इस मकान को हटाने की चेतावनी उपजिलाधिकारी द्वारा दी गई है।
कानून से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे : योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर के अफजलगढ़ में आयोजित एक जनसभा के दौरान सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि दोस्ती के नाम पर धोखा और हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमेशा कानून का पालन करने वाले नागरिकों के साथ खड़ी है और जो लोग सामाजिक सौहार्द तथा कानून-व्यवस्था को चुनौती देंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूर्या चौहान को दोस्ती के नाम पर विश्वासघात का सामना करना पड़ा और घटना के बाद पुलिस ने कानून के मुताबिक कार्रवाई की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने परिवारों से अपने बच्चों को सही संस्कार देने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई अपने बच्चों को सही रास्ता नहीं दिखा पा रहा है, तो यह उसकी बड़ी जिम्मेदारी और चूक है।
