रांची। रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड-1 में शुक्रवार को सुमित वर्मा उर्फ टकला का संदिग्ध अवस्था में पुलिस ने शव बरामद किया है। उसका शव रस्सी के सहारे कमरे में लटक रहा था। शुक्रवार की सुबह आसपास के लोगों ने देखा तो मामले की जानकारी सुखदेवनगर पुलिस को दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुमित वर्मा की हत्या हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा।

सुत्रों के अनुसार, सुमित का आपराधिक इतिहास रहा है। उसने महज 17 की उम्र में अपने बचपन के दोस्त अंकुश शर्मा की बिरला मैदान में हत्या की थी। उसकी हत्या पत्थर से कूचकर बेरहमी से की गयी थी। इस मामले में पुलिस ने उसे पकड़ कर रिमांड होम भेजा था। जहां एक साल रहने के बाद उसे बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेजा गया था। जेल से निकलने के बाद उसने दोबारा अपने ही दोस्त अविनाश कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। वह कुछ माह पूर्व ही जेल से बाहर आया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version