नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में सुधार के लिए गठित टास्क फोर्स के सदस्य प्रो. वी. कामकोटि को लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की कथित टिप्पणी के बाद संसद में सियासी विवाद तेज हो गया है। राज्यसभा में भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा और आयुर्वेद का जोरदार पक्ष रखा।

https://newsmaati.com/wp-content/uploads/2026/07/1000219325.mp4

राज्यसभा में बोलते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि गोमूत्र के औषधीय गुणों को लेकर अमेरिका में भी पेटेंट दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि गोमूत्र के एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुणों से जुड़े उपयोग के लिए अमेरिकी पेटेंट संख्या 6410059 तथा बायो-एनहांसर के रूप में इसके उपयोग के लिए 6896907 पेटेंट प्रदान किया गया है।

भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष भारतीय परंपरागत ज्ञान और आयुर्वेद का सम्मान करने के बजाय उसका उपहास करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा को समझने के बजाय कांग्रेस पश्चिमी सोच से प्रभावित रही है।

त्रिवेदी ने कहा कि यदि देश में दशकों पहले आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को पर्याप्त महत्व दिया गया होता, तो हल्दी, नीम और तुलसी जैसे उत्पादों के पेटेंट को लेकर भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संघर्ष नहीं करना पड़ता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थापित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) का उल्लेख करते हुए कहा कि अब भारत अपनी पारंपरिक चिकित्सा और वैज्ञानिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उधर, कांग्रेस की ओर से प्रो. वी. कामकोटि को लेकर की गई कथित टिप्पणी और भाजपा की प्रतिक्रिया के बाद भारतीय ज्ञान परंपरा, आयुर्वेद तथा वैज्ञानिक शोध को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है। राज्यसभा में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version