नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के भाजपा की जीत को राज्य की जनता की दशकों की प्रतीक्षा की पूर्ति बताते हुए सोमवार को कहा कि आज से बंगाल भय से मुक्त हुआ। राज्य अब विकास की राह पर आ गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में अब आयुष्मान कार्ड बंटेंंगे और घुसपैठियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मोदी पांच विधान सभा चुनावों की मतगणना में तीन राज्यों पश्चिम बंगाल, असम ओर पुडुचेरी में भाजपा-राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ऐतिहासिक सफलताओं पर पार्टी मुख्यालय पर शाम को आयोजित विजयोत्सव समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह तथा अमित शाह भी मंच पर उपस्थित थे। पार्टी मुख्यालय पर उपस्थित खुशी और उत्साह से भरपूर कार्यकर्ताओं और समर्थको संबोधित करते हुए श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की जीत को देश भक्ति के गीत वंदे मातरम् के रचयिता ऋषि कवि बंकिमचंद चटोपाध्याय को समर्पित करते हुए कहा कि आज जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों के पूरा होने का दिन है। मोदी ने डॉ मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने (डॉ मुखर्जी ने) जिस सशक्त और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था, वो सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था। 4 मई, को बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ताओं को वो अवसर दिया है। मोदी ने घोषणा की कि बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है और विकास के भरोसे से युक्त हुआ है।मोदी ने राज्य की आगे की यात्रा में सभी दलों से सहयोग की भावना के साथ काम करने का आग्रह करते हुए कहा कि आज जब बंगाल ने परिवर्तन के नए दौर में प्रवेश किया है, तो मैं बंगाल के हर राजनीतिक दल से एक आग्रह भी करना चाहता हूं, बंगाल में बीते दशकों में राजनीतिक हिंसा की वजह से न जाने कितनी जिंदगियां बर्बाद हो गईं। मेरा स्पष्ट मानना है कि आज से बंगाल की इन चुनावी आदतों में बदलाव आना चाहिए। मोदी ने कहा कि आज जब भाजपा जीती है, तो बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए। भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए। मोदी ने पश्चिम बंगाल में इस बार के चुनाव को इस लिए भी बहुत खास बताया कि वहां इस बार चुनाव शांतिपूर्ण रहा तथा राज्य में पहली बार डर नहीं, लोकतंत्र जीता है। उन्होंने कहा, ‘आप याद कीजिए, बंगाल चुनाव के समय कैसी खबरें आती थीं। हिंसा, डर और निर्दोष लोगों की मौतें। लेकिन इस बार पूरे देश ने एक नई खबर सुनी कि पश्चिम बंगाल में शान्तिपूर्ण मतदान हुआ। पहली बार ऐसा हुआ कि चुनावी हिंसा में एक भी निर्दोष नागरिक की जान नहीं गई।लोकतंत्र के इस महापर्व में बंदूक की आवाज नहीं, जनता-जनार्दन की आवाज गूंजी। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अब भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version