नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार आज लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। हालांकि आज दिन के पहले सत्र के कारोबार में शेयर बाजार में लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। इस दबाव की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक टूट कर लाल निशान में पहुंच गए। इसके बाद दिन के दूसरे सत्र में खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से ये दोनों सूचकांक निचले स्तर से रिकवरी करने में सफल रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.40 प्रतिशत और निफ्टी 0.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने की उम्मीद के कारण आज निवेशकों में उत्साह का भाव नजर आया। इसी तरह अमेरिका में शटडाउन खत्म होने की उम्मीद और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती करने का संकेत मिलने से वैश्विक बाजार के साथ ही घरेलू शेयर बाजार में भी राहत का माहौल बना। इसके अलावा मजबूत ग्लोबल संकेत और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट ने भी घरेलू शेयर बाजार को काफी हद तक सहारा दिया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान शेयर बाजार ने निचले स्तर से शानदार रिकवरी की। इस दौरान आईटी, डिफेंस और आॅटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसके साथ ही पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, मेटल, इंफ्रास्ट्रक्चर, बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल, एफएमसीजी आॅयल एंड गैस और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, रियल्टी और हेल्थ केयर सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा, जिसके कारण बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके विपरीत स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 75 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 468.96 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 468.20 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 76 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version