मुंबई। अमरीकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ब्याज दर में अप्रत्याशित आधी फीसदी की कटौती करने से एशियाई बाजारों में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज सेंसेक्स पहली बार 84 हजार अंक के पार पहुंच गया और निफ्टी ने भी नया रिकॉर्ड बनाया।

बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1359.51 अंक अर्थात 1.63 प्रतिशत की तूफानी तेजी के साथ 84,544.31 अंक पर पहुंच गया। साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 375.15 अंक यानी 1.48 प्रतिशत की छलांग लगाकर 25,790.95 अंक के सार्वकालिक उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। दिग्गज कंपनियों की तरह बीएसई की मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी जमकर लिवाली हुई, जिससे मिडकैप 1.16 प्रतिशत उछलकर 49,163.22 अंक और स्मॉलकैप 1.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ 57,081.61 अंक हो गया।

निवेशकों ने कमाए 6.5 लाख करोड़ रुपये
शुक्रवार को शेयर मार्केट में तेजी के चलते निवेशकों ने जबरदस्त कमाई की। इस तेजी के कारण निवेशकों की संपत्ति में करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। बीएसई पर लिस्टेड स्टॉक्स का मार्केट कैप शुक्रवार को करीब 472 लाख करोड़ रुपये पर बंद हुआ। यह पिछले सत्र में 465.47 लाख करोड़ रुपये पर बंद हुआ था।

इस दौरान बीएसई में कुल 4059 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2442 में लिवाली, जबकि 1502 में बिकवाली हुई वहीं 115 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 44 कंपनियां हरे जबकि अन्य छह लाल निशान पर रही। बीएसई के सभी 20 समूहों में तेजी का रुख रहा। इससे रियल्टी 3.21, कमोडिटीज 0.86, सीडी 1.78, ऊर्जा 0.99, एफएमसीजी 1.35, वित्तीय सेवाएं 1.55, हेल्थकेयर 1.10, इंडस्ट्रियल्स 2.08, आईटी 0.70, दूरसंचार 1.48, यूटिलिटीज 1.70, आॅटो 2.12, बैंकिंग 1.44, कैपिटल गुड्स 2.32, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.94, धातु 1.82, तेल एवं गैस 0.75, पावर 1.82, टेक 1.01 और सर्विसेज समूह के शेयर 1.15 प्रतिशत चढ़ गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान जापान का निक्केई 1.53, हांगकांग का हैंगसेंग 1.36 और चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.03 प्रतिशत की तेजी रही जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई 0.74 और जर्मनी का डैक्स 1.04 प्रतिशत लुढक गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version