
गुमला। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुमला जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस कड़ी में मैराथन दौड़ में एसपी शंभू कुमार सिंह, डीडीसी दिलेश्वर महतो, डीटीओ राकेश कुमार गोप, एसडीपीओ, डीएलएसए सचिव, डीएसई, सार्जेंट मेजर सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। सड़क सुरक्षा प्रबंधक कुमार प्रभास ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। वाहन चलाते समय अपने जान के प्रति जिम्मेदार रहें। हेलमेट एवं सीट बेल्ट जैसे सुरक्षित उपकरणों का इस्तेमाल से सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है और अपनी व अन्य व्यक्तियों के जान की रक्षा की जा सकती है।
एसपी ने सभी लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग ना करें। दुपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट व चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। वहीं आगे बताया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ जिला मुख्यालय के जशपुर रोड स्थित परमवीर अलबर्ट एक्का स्टेडियम से लोहरदगा रोड सोसो मोड़ तक वहां से पुन: वापस स्टेडियम के पास आकर समाप्त हुई। जिसमें सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया। प्रथम पांच स्थान आने वाले प्रतिभागियों को हेलमेट, ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया गया और बाद में जूता भी दिया जाएगा।
एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह मनाया का रहा है। इसी कड़ी के तहत सड़क सुरक्षा को लेकर गुमला जिला में आज मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन इस मैराथन दौड़ के माध्यम से लोगों को सड़क दुर्घटना के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रही है और सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार के जो नियम हैं यदि कहीं कोई दुर्घटना होती है तो तत्काल कोई भी उस घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाना है और इसके लिए सरकार की योजना है ऐसे व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाते हैं तो उसको 2000 की नगद राशि से पुरस्कृत किया जाता है।
