सिवान । बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। सीवान जिले में रविवार की अहले सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सोनू यादव मारा गया। सोनू पर पूर्व भाजपा एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या का आरोप था। 29 अप्रैल को गाड़ी सटने के मामूली विवाद में हर्ष और उनके पिता पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी, जिसमें हर्ष की मौत हो गई थी। इस दुस्साहसिक घटना का वीडियो आने के बाद पुलिस पर दबाव था। पुलिस ने अब मुख्य आरोपी को ढेर कर बड़ी कार्रवाई की है।

बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हर्ष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया इलाके में छिपा है। रविवार सुबह जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जिसमें सोनू यादव ढेर हो गया। वो इसी इलाके का निवासी था और घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।

ये पूरा मामला 29 अप्रैल का है, जब सड़क पर गाड़ी सटने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने पूर्व एमएलसी के बहनोई और उनके बेटे हर्ष पर गोलियां चला दीं। हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आरोपी सरेआम हथियार लहराते दिखे थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version