गंगटोक। सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) 32 सदस्यीय सिक्किम विधानसभा में 31 सीटों पर बढ़त के साथ भारी जीत की ओर अग्रसर दिख रहा है। यहां रविवार को मतगणना चल रही है।

मुख्य विपक्षी दल सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) केवल एक सीट पर आगे है। मुख्यमंत्री और एसकेएम सुप्रीमो प्रेम सिंह तमांग, जो रेनॉक और सोरेंग-चाकुंग सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं, ने दोनों सीटों पर अपने प्रतिद्वंद्वियों पर जोरदार बढ़त ले ली है। श्री तमांग की पत्नी कृष्णा कुमारी भी एसकेएम के टिकट पर नामची-सिंघीथांग निर्वाचन क्षेत्र से आगे हैं।

दूसरी ओर एसडीएफ प्रमुख पवन कुमार चामलिंग दोनों सीटों पोकलोक-कामरांग और नामचेयबुंग पर पीछे चल रहे हैं।
एसडीएफ के एक अन्य स्टार उम्मीदवार भाईचुंग भूटिया भी बारफुंग (बीएल-आरक्षित) सीट से पीछे चल रहे हैं। पूर्व भारतीय फुटबॉल कप्तान भूटिया ने पिछले नवंबर में अपनी हमरो सिक्किम पार्टी का चामलिंग की एसडीएफ में विलय कर दिया था।

एकमात्र सीट जहां से एसडीएफ आगे है वह श्यारी है, जहां उसके उम्मीदवार तेनजिंग नोरबू लाम्था लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। लम्था हाल ही में एसकेएम से एसडीएफ में शामिल हुए हैं। एसकेएम के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद अकेले चुनाव लड़ने वाली भाजपा उन सभी सीटों पर पीछे चल रही है, जिन पर उसने चुनाव लड़ा था। कांग्रेस और सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम (सीएपी-एस) भी काफी पीछे रहीं। सिक्किम विधानसभा चुनाव 19 अप्रैल को हुए थे।

चुनाव में केवल 10 फीसदी महिला प्रत्याशी 

सिक्किम विधानसभा चुनाव 2024 में कुल 146 उम्मीदवार सियासी मैदान में उतरे। इनमें से 90 फीसदी यानी 132 पुरुष प्रत्याशी हैं। वहीं सिक्किम के विधानसभा चुनाव उतरें प्रत्याशियों में महिला प्रतिनिधित्व देखें तो यह केवल 10 फीसदी है। सिक्किम विधानसभा चुनाव 2024 में कुल 14 ही महिला उम्मीदवार हैं। सिक्किम विधानसभा चुनाव 2019 में 150 में से 14 (9%) महिला उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। 2024 के चुनाव में कांग्रेस ने 12 में से चार जबकि सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने 32 में से चार महिला उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा, सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम की 30 में से तीन, भाजपा की 31 में से दो और सिक्किम रिपब्लिकन पार्टी की एक महिला प्रत्याशी हैं।

यह ध्यान देने वाली बात है कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने के लिए महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बाद यह पहला चुनाव है। हालांकि, नारी शक्ति अधिनियम नाम का यह बिल अभी लागू नहीं हुआ है। सिक्किम के चुनाव नतीजों में लोगों की नजरें प्रमुख महिला प्रत्याशियों वाली सीटों पर भी होंगी, जिनमें मुख्यमंत्री की पत्नी से लेकर पूर्व अभिनेत्री तक की किस्मत का फैसला भी होगा। 

मुख्यमंत्री की पत्नी भी मैदान में
नामची-सिंघीथांग सीट का मुकाबला भी दिलचस्प है। यहां मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की पत्नी कृष्णा कुमारी राय चुनाव मैदान में हैं। सीएम की पत्नी के सामने प्रुमख चेहरा एसडीएफ से बिमल राय हैं। इसके अलावा भाजपा ने अरुणा मंगेर और सीएपी-सिक्किम ने महेश राय पर दांव खेला है। पिछले चुनाव में पोकलोक-कामरांग के साथ-साथ नामची-सिंघीथांग सीट से भी एसडीएफ के पवन चामलिंग जीते थे।

अभिनेत्री तक की किस्मत का फैसला
सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। चामलिंग विधायक के रूप में रिकॉर्ड नौवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं। वह इस बार दो विधानसभा सीटों- नामची जिले की पोकलोक-कामरांग और गंगटोक जिले की नामचेयबुंग सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 

नामचेयबुंग सीट पर मुकाबला चतुष्कोणीय है जहां प्रमुख प्रमुख चेहरा एसकेएम से राजू बसनेट हैं। बसनेट पूर्व नौकरशाह हैं जिन्होंने सरकारी सेवा में 33 वर्ष बिताने के बाद मार्च 2024 में सचिव स्तर के अधिकारी के रूप में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। चामलिंग के सामने अन्य प्रमुख चेहरे भाजपा से पूजा शर्मा और सिटीजन एक्शन पार्टी-सिक्किम से सेवरिन राय हैं। चामलिंग के खिलाफ उतरीं पूर्व अभिनेत्री पूजा एसकेएम की महिला मोर्चा की प्रदेश महासचिव रह चुकी हैं। वह विधानसभा चुनाव से पहले ही भाजपा में शामिल हुई थीं। 

146 उम्मीदवारों में से 43 राष्ट्रीय दलों से
इस बीच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने चुनाव लड़ने वाले सभी 146 उम्मीदवारों के शपथपत्रों का विश्लेषण किया है। 146 उम्मीदवारों में से 43 राष्ट्रीय दलों से, 64 राज्य दलों से, 31 गैर मान्यता प्राप्त दलों से और आठ निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में उम्मीदवारों द्वारा घोषित वित्तीय, आपराधिक, शिक्षा, लिंग एंव अन्य विवरणों के आधार पर विश्लेषण तैयार किया है। 146 में से आठ (5%) आपराधिक मामलों वाले उम्मीदवार हैं। वहीं 146 में से छह (4%) गंभीर आपराधिक मामलों वाले प्रत्याशी हैं। 10.99 करोड़ रुपये उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति है। वहीं 102 (70%) करोड़पति उम्मीदवार हैं। 

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version