रांची। झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को अपनी बहुप्रतीक्षित प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी में क्षेत्रीय संतुलन और महिला प्रतिनिधित्व पर विशेष जोर दिया गया है। समिति में सीता सोरेन, मीरा मुंडा और सीमा शर्मा समेत 19 महिलाओं को स्थान मिला है। पूर्व मुख्यमंत्रियों को स्थायी आमंत्रित सदस्य : पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेताओं का अनुभव भुनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्रियों अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चम्पाई सोरेन और मधु कोड़ा के साथ-साथ वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया है। वहीं पूर्व प्रवक्ता जेबी तुबिद को भी कार्यसमिति में जगह दी गई है। विशेष आमंत्रित सदस्य और अन्य प्रमुख चेहरे : कमाल खान, अमरप्रीत सिंह काले और प्रमोद मिश्रा समेत 32 नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। महिला नेताओं में आरती सिंह, काजल प्रधान और शकुंतला जायसवाल के साथ-साथ रांची नगर निगम के पूर्व पार्षद अरुण झा भी कार्यसमिति का हिस्सा बने हैं।भारतीय जनता युवा मोर्चा के वर्तमान अध्यक्ष शशांक राज को भी इस सूची में शामिल किया गया है, जिससे संकेत मिलते हैं कि जल्द ही युवा मोर्चा में नए अध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version