
झारखंड दौरे पर आईं अभाकाम की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष ने नए चेहरों को दिया मौका
स्मिता को मिला प्रदेश महिला अध्यक्ष का प्रभार
रांची। महिलाओं के आरक्षण की महज बातें करने की बजाय उन्हें अमली जामा पहनाने की जरूरत है। यह भी सुनिश्चित करने की जरूरत है कि हर क्षेत्र में महिलाओं को भागीदारी हो भी रही है या नहीं ? ये बातें अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ( अभाकाम ) की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष शिप्रा कुलश्रेष्ठ ने कहीं।
श्रीमती कुलश्रेष्ठ झारखंड दौरे के दौरान महासभा की ओर से आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहीं थीं। इस अवसर पर उन्होंने महिला पदाधिकारियों के साथ विचार – विमर्श किया कि किस प्रकार महासभा सामाजिक मुद्दों पर काम कर न सिर्फ चित्रांश बल्कि पूरे समाज के विकास में योगदान दे सकती है। अपनी नई टीम का विस्तार करते हुए उन्होंने स्मिता प्रकाश को झारखंड प्रदेश महिला अध्यक्ष एवं सत्या सिन्हा को झारखंड प्रदेश महिला कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत किया। श्रीमती कुलश्रेष्ठ ने देशभर में हो रहे महासभा के अन्य कार्यों की जानकारी देकर नारी शक्ति का बिगुल फूंका। मौके पर महासभा के राष्ट्रीय सुबोधकांत सहाय ने भी महिला पदाधिकारियों को हरसंभव सहयोग देने व कंधे से कंधा मिलाकर चलने की बात कही। उन्होंने महासभा में नए सदस्यों को जोड़ने के साथ साथ पुराने सहयोगियों को भी एक मंच पर लाने की बात कही। इस अवसर पर सुजीत सिन्हा को रांची जिला अध्यक्ष एवं आनंद गौरव को व्यापार प्रकोष्ठ का कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष डॉ सी बी सहाय, कला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रीति सिन्हा, वंदना राय और अधिवक्ता इंदु पराशर ने भी मंच से ही चित्रांश समाज के एकजुटता व विकास की बात कही। कार्यक्रम में विवेक अखौरी, सुशील कुमार लाल, डॉ अनल सिन्हा, राजेश सिन्हा, डॉ ए के लाल, संजय समर, रवि कुमार, पवन किशोर, सजल सहाय, उमा सिन्हा, निर्मला कर्ण, रेणुबाला धर, इंदु श्रीवास्तव, रंगोली सिन्हा समेत महासभा के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।

