
रांची। राज्यस्तरीय योग ओलंपियाड में रांची जिला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया है। रांची जिला से ओलंपियाड में अपनी योग प्रतिभा से पदक हासिल करनेवाले प्रतिभागियों की जिला प्रशासन ने हौसला अफजाई की है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज ने स्वर्ण और रजत पदक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों से मिलकर उन्हें उनकी सफलता पर बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विजयी होने को लेकर सुझाव भी दिए। मौके पर शारीरिक शिक्षक एवं संबंधित विद्यालयों के शिक्षक भी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि 20 मई को रांची बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम खेलगांव में राज्य स्तरीय योग ओलंपियाड का आयोजन में किया गया था। इसमें रांची जिला से बालक वर्ग में कक्षा छह से आठ कोटि में कुल चार और वर्ग नौ से 10 कोटि में कुल तीन प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया था।
वहीं बालिका वर्ग में कक्षा नौ से 10 कोटि में कुल चार बालिकाओं ने पूरे राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक पर अपना कब्जा जमाया। पूरे प्रतियोगिता में कुल 1800 से अधिक अंक प्राप्त कर रांची जिला ओवरऑल चौंपियन बना। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता एनसीईआरटी, नई दिल्ली, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से तमिलनाडु के कन्याकुमारी में 15-18 जून तक आयोजित की जाएगी।
