
बोकारो। बोकारो पुलिस ने को बड़ी कार्रवाई करते हुए अमन साहू गिरोह से जुड़े सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि यह कार्रवाई नगर डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की ओर से की गई। पुलिस के अनुसार, अमन साहू, राहुल दुबे और मयंक सिंह गिरोह का नाम सामने आ रहा था, जो प्रकाश शुक्ला के माध्यम से बोकारो के व्यवसायियों और ठेकेदारों से मोबाइल फोन के जरिए रंगदारी की मांग कर रहे थे।
इस मामले में बालीडीह थाना और बीएस सिटी थाना में अलग-अलग कांड दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने सात अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में प्रिंस कुमार गुप्ता उर्फ भाटिया, श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओम प्रकाश पॉल, जैनेन्द्र शुक्ला, गोलू कुमार और भूपेंद्र सिंह शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से 01 देसी कट्टा, 01 पिस्टल (7.65 एमएम), 10 जिंदा कारतूस, 01 मैगजीन, 02 चाकू, 8 मोबाइल फोन, 01 स्कूटी, 02 एटीएम कार्ड और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन का इस्तेमाल रंगदारी मांगने में किया जा रहा था। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपित प्रिंस कुमार गुप्ता ने हथियार बरामदगी के समय पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें वह खुद घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में जिले के कई थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने कहा कि आगे भी संगठित अपराध के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

