
सासाराम। पिछले दिनों बाइक लूट की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस अधीक्षक के द्वारा गठित टीम को नासरीगंज थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि काराकाट, दिनारा, अकोढ़ीगोला सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल की लूट की घटनाएं हुई है। इन घटनाओं के उद्भेदन एवं संलिप्त अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिक्रमगंज के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
इसमें थानाध्यक्ष नासरीगंज, काराकाट, कच्छवां के थानाध्यक्ष तथा डीआईयू की टीम शामिल थी। शुक्रवार को टीम को सूचना मिली कि मोटरसाइकिल लूट की घटनाओं को नीरज पासवान के गिरोह ने अंजाम दिया है। इसके साथ सूचना यह भी मिली कि रात में नीरज पासवान अपने गिरोह के साथ नासरीगंज थानाक्षेत्र के दाउदनगर मोड़ के पास काफी दिनों से बंद श्री शिवगंगा यादव ढ़ाबा पर आने वाला है, इसके साथ कोई बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है।
टीम दाउदनगर मोड़ के पास गुप्त तरीके से निगरानी में लगी। इसी क्रम में रात्रि में करीब 2 बजे तीन बाइक से कुल सात व्यक्ति उक्त ढ़ाबा के पास आए और अंदर चले गये, जिन्हें वहां उपस्थित पुलिस टीम ने पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये लोग एक गिरोह बनाकर रोहतास और भोजपुर के क्षेत्रों में लूटपाट तथा चोरी जैसे कांडों को अंजाम देते हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि 25 अप्रैल, 2025 को काराकाट थानाक्षेत्र के नावाडीह और दहियाड़ी के बीच एक मोटरसाइकिल सवार से बाइक की लूट और 29 अप्रैल को रात्रि में कच्छवां थाना क्षेत्र के भेड़िया से एक सुमो गोल्ड गाड़ी की चोरी इनलोगों ने की थी। चोरी की बाइक को आरोपियों ने अपने साथी भोजपुर जिला के गड़हनी थाना क्षेत्र के बनकट निवासी सन्नी कुमार के घर में छिपा रखी थी। जिसे बरामद किया जा चुका है। इनके पास से बरामद ग्लैमर बाइक नासरीगंज एसबीआई के पास से तथा पैशन प्रो हरिहरगंज से चोरी की गयी थी। 29 अप्रैल की रात्रि में कच्छवां थाना क्षेत्र के ओसांव अस्पताल में हुए सामानों की चोरी में भी संलिप्तता पाई गई। 14 फरवरी 24 को इसी गिरोह ने नासरीगंज थाना क्षेत्र के पडुरी स्थित डिहरी-बिक्रमगंज मुख्य सड़क पर डिहरी के एक व्यवसायी को लूटपाट करने के प्रयास में गोली मारकर जख्मी कर दिया था। इनके पास से बरामद एक पल्सर गाड़ी की जांच की जा रही है। इनलोगों की निशानदेही पर काराकाट थाना क्षेत्र से लूटी गयी दो मोबाइल बरामद हुई। पुलिस इनकी अपराधीक इतिहास खंगाल रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस गिरोह के कुछ सदस्य फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम के द्वारा छापामारी की जा रही है।
