नई दिल्ली। एशिया के ज्यादातर स्टॉक मार्केट में रौनक रहने के बावजूद घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार खींचतान का माहौल बना रहा। आईटी सेक्टर के शेयरों में हो रही जोरदार बिकवाली और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आए उछाल की वजह से बने दबाव और निचले स्तर पर हो रही वैल्यू बाइंग की रस्साकसी के कारण शेयर बाजार में आज दिनभर उतार-चढ़ाव होता रहा। इस उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स 995 अंक से ज्यादा टूट गया। इसी तरह निफ्टी भी ऊपरी स्तर से 280 अंक से ज्यादा लुढ़क गया। हालांकि बॉटम लेवल पर पहुंचने के बाद हुई खरीदारी के सपोर्ट से दोनों सूचकांक निचले स्तर से काफी हद तक रिकवरी करने में सफल रहे। इस रिकवरी के बावजूद दोनों सूचकांक लाल निशान में ही बंद हुए।

कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी और आईटी सेक्टर के भारी दबाव की वजह से आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ लाल निशान में हुई थी। पहले घंटे के कारोबार में ही बिकवाली का ऐसा जोर बना कि घरेलू मार्केट में हाहाकार मच गया। इस बिकवाली के कारण दोनों सूचकांक भारी गिरावट के साथ आज के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। इसके बाद निचले स्तर पर खरीदारों ने एक्टिव होकर लिवाली का जोर बनाया, जिससे बाजार शुरुआती झटके से उबर कर काफी हद तक रिकवरी करने में सफल रहा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी कुछ देर के लिए हरे निशान में भी पहुंचा। इसी तरह सेंसेक्स भी हरे निशान के काफी करीब पहुंच गया।

कारोबार के आखिरी सत्र में एक बार फिर बिकवाली का दबाव हावी हो गया, जिसके कारण दोनों सूचकांक अपनी रिकवरी को बरकरार नहीं रख सके। अंतिम घंटे में हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स 0.48 प्रतिशत और निफ्टी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, पूरे दिन के कारोबार के दौरान ब्रॉडर मार्केट (स्मॉलकैप और मिडकैप) में हुई जोरदार खरीदारी के कारण शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में आज 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भारी-भरकम बढ़ोतरी हो गई।

बीएसई का सेंसेक्स आज 345.23 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 73,253.44 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव इतना बढ़ गया कि इंट्रा-डे में यह सूचकांक 995.10 अंक यानी 1.35 प्रतिशत टूट कर 72,603.57 अंक के निचले स्तर तक आ गिरा। इसके बाद खरीदारों ने मोर्चा संभालते हुए चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा।

खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक निचले स्तर से 921.87 अंक रिकवर होकर 73,525.44 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद दिन के दूसरे सत्र में बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया। इस दबाव की वजह से सेंसेक्स की कमजोरी एक बार फिर बढ़ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद ये सूचकांक 352.64 अंक यानी 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,246.03 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 71.75 अंक यानी 0.32 प्रतिशत टूट कर 22,678 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से इंट्रा-डे में यह सूचकांक 252.05 अंक लुढ़क कर 22,497.70 अंक के निचले स्तर तक गिर गया। इसके बाद शॉर्ट कवरिंग और वैल्यू बाइंग के दम पर खरीदारों ने दोबारा लिवाली का जोर बनाया, जिससे निफ्टी शानदार रिकवरी दिखाते हुए निचले स्तर से 280.35 अंक उछल कर 28.30 अंक यानी 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ दिन के ऊपरी स्तर 22,778.05 अंक तक पहुंचने में सफल रहा।

आज सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट आने के बावजूद ब्रॉडर मार्केट और नए लिस्ट हुए शेयरों की तेजी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 12 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक का बड़ा इजाफा हो गया। बीएसई में लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़कर 4,72,62,862.46 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी 27 अक्टूबर को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,60,58,303.18 करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबारी सत्र से करीब 12,04,559.28 करोड़ रुपये का तगड़ा मुनाफा हो गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version