
जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर मिश्रा का बुधवार को अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं और शहर के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। चंद्रशेखर मिश्रा भालूबासा के इंद्रानगर स्थित अपने आवास से छायानगर में आयोजित सांसद-विधायक के शिलान्यास समारोह में शामिल होने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर गाड़ी में बैठते समय उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और दिल का दौरा पड़ गया।
घटना के तुरंत बाद उनके बेटे नवीन मिश्रा ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उनके अचानक निधन से परिवार के सदस्यों के साथ भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गहरा आघात पहुंचा है। चंद्रशेखर मिश्रा भाजपा के अनुभवी और समर्पित नेताओं में शामिल थे। जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष के रूप में उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने और शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यकतार्ओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
जिलाध्यक्ष का दायित्व छोड़ने के बाद भी वे संगठन के लिए सक्रिय रहे और अपने अनुभव से कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते रहे। वे सांसद विद्युत वरण महतो के जनप्रतिनिधि के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। राजनीतिक गतिविधियों के अलावा चंद्रशेखर मिश्रा सामाजिक और धार्मिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। वे बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष रह चुके थे और भालूबासा शीतला मंदिर समिति के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े रहने के कारण समाज में भी उनकी अच्छी पहचान थी। सहज व्यवहार, स्पष्ट विचारों और संगठन के प्रति समर्पण के लिए वे कार्यकतार्ओं के बीच लोकप्रिय थे।
