
रांची। भारतीय जनता पार्टी पहली बार विधानसभा चुनाव में तीन दलों के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने जा रही है। सोमवार को पार्टी चुनाव प्रबंध समिति की बैठक के बाद प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि भाजपा का अपने सहयोगियों के साथ सीटों पर तालमेल पूरा हो गया है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन में आजसू को 9 से 11 सीटें मिल सकती हैं। जदयू को दो सीट देने पर सहमति बनी है, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व इसपर अंतिम फैसला लगा। वहीं एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान से 16 अक्टूबर को चर्चा के बाद उनकी एक सीट तय हो सकती है।
हिमंत ने बताया कि 98 प्रतिशत भाजपा प्रत्याशियों का नाम तय हो चुका है। जैसे ही चुनाव आयोग की अधिसूचना जारी होगी, उसके 24 घंटे में प्रत्याशियों का नाम घोषित कर दिया जाएगा।
सरमा ने स्पष्ट किया कि चंदनकियारी की सीट भाजपा के पास ही रहेगी। यहां से नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी भाजपा के विधायक हैं। उन्होंने बताया कि सभी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम लगभग तय हो गए हैं. केवल पांच या छह सीट पर नहीं हुए हैं. उन पर भी फैसला जल्द लिया जाएगा। चुनाव समिति कल फिर बैठक करेगी। इसके बाद पार्टी की संसदीय दल की बैठक होगी. बता दें कि इसी साल 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा का चुनाव होना है. विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त होने वाला है।
