
रांची। सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) के चार वरीय अधिकारियों का नाम पुलिस महानिदेशक पद के लिए संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को भेजा है। सूत्रों की माने तो इनमें 1990 बैच के आइपीएस अधिकारी अनिल पलटा व अनुराग गुप्ता तथा 1992 बैच के प्रशांत सिंह व आरके मल्लिक शामिल हैं।
हालांकि, 1992 बैच के अधिकारी आरके मल्लिक जनवरी, 2025 में ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं। 1989 बैच के आइपीएस अधिकारी अजय कुमार सिंह को राज्य सरकार ने गत 26 जुलाई को डीजीपी पद से हटा दिया था। तब से ही यह पद प्रभार में चल रहा है। अजय कुमार सिंह भी अगले वर्ष जनवरी में सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
बता दें कि वर्तमान में अनुराग गुप्ता झारखंड के अतिरिक्त डीजीपी का प्रभार संभाल रहे हैं। सूत्रों को मुताबिक फुल टाइम डीजीपी के लिए अनुराग गुप्ता का नाम भी भेजा गया है। अनुराग गुप्ता काफी कड़क आईपीएस अधिकारी माने जाते हैं। झारखंड में नक्सलियों पर नकेल कसने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है।
कुछ दिन पहले समीक्षा बैठक में डीजीपी अनुराग गुप्ता ने छह जिलों बोकारो, चाईबासा, चतरा, गिरिडीह लातेहार व पलामू के एसपी को स्पेशल टास्क सौंपा था।
