पटना । बिहार की राजनीति में कई बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने दिग्गज नेता और विधायक संजय सरावगी को तत्काल प्रभाव से बिहार बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के स्थान पर सरावगी की ताजपोशी को पार्टी की सोची-समझी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। संजय सरावगी का संबंध राज्य के मिथिलांचल क्षेत्र (दरभंगा) से है, जिसे बीजेपी ने आने वाले समय में अपने मुख्य फोकस में रखा है। वैसे, संजय सरावगी लगातार 6 बार से दरभंगा सदर के विधायक हैं। इस बदलाव के पीछे पार्टी का मकसद जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत करना है, ताकि राज्य में अपनी स्थिति को अभेद्य बनाया जा सके। ये नियुक्ति कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम करेगी।

मिथिलांचल पर पार्टी का विशेष फोकस : संजय सरावगी की नियुक्ति का सबसे साफ राजनीतिक संदेश ये है कि बीजेपी अब मिथिलांचल क्षेत्र में अपनी सांगठनिक और चुनावी पैठ को चरम पर ले जाना चाहती है। संजय सरावगी दरभंगा शहर के विधायक हैं और इस क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। ये इलाका पारंपरिक रूप से अन्य दलों का मजबूत गढ़ रहा है, जिसे भेदने के लिए बीजेपी ने एक मजबूत चेहरा आगे किया है। पार्टी का मानना है कि नए अध्यक्ष के नेतृत्व में मिथिलांचल की ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत सुनिश्चित की जा सकती है, जिसका असर आगामी चुनावों में जरूर दिखेगा।

जातीय-क्षेत्रीय समीकरण साधने की पहल : संजय सरावगी की नियुक्ति केवल क्षेत्रीय नहीं, बल्कि जातीय समीकरणों को साधने की भी एक कुशल पहल है। बीजेपी नेतृत्व ने एक ऐसे अनुभवी नेता को कमान सौंपी है, जो न सिर्फ अपने क्षेत्र में लोकप्रिय हैं, बल्कि संगठन में भी लंबा अनुभव रखते हैं। ये बदलाव दिखाता है कि बीजेपी विधानसभा चुनाव और आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अभी से अपनी बिसात बिछाने लगी है। उनका अनुभव पार्टी को राज्य के जटिल सामाजिक ताने-बाने में संतुलन स्थापित करने में मदद करेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version