रांची। कांके थाना क्षेत्र में जियो फाइबर लगाने के बहाने घर पहुंचे एक युवक द्वारा युवती से जबरदस्ती करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता की सूझबूझ और साहस से बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता अरसंड स्थित होम्योपैथी गली की रहने वाली है। उसने जियो फाइबर कनेक्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। इसके बाद 12 मई को केवाईसी के लिए विशाल कुमार नामक व्यक्ति उसके घर पहुंचा। उसी दिन दोपहर में उसने अपने सहयोगी जमील अख्तर को भेजा, जिसने छत पर एंटिना लगाकर बाकी काम अगले दिन पूरा करने की बात कही।

घर में अकेली थी युवती : पीड़िता के मुताबिक, 13 मई की सुबह करीब 11:45 बजे जमील अख्तर दोबारा उसके घर पहुंचा। उस समय वह घर में अकेली थी। आरोपी ने राउटर मांगने के बहाने घर में प्रवेश किया और अचानक धक्का देकर उसे बेड पर गिरा दिया। इसके बाद उसने गलत हरकत करने की कोशिश की।

युवती ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को जोर से धक्का दिया और तुरंत अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। घटना के बाद उसने अपने भाई को फोन कर जानकारी दी। जब तक उसका भाई घर पहुंचा, आरोपी मौके से फरार हो चुका था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version