भागलपुर। सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का भव्य और ऐतिहासिक शुभारंभ हो गया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर एक महीने तक चलने वाले आस्था के इस महापर्व का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा सुल्तानगंज (अजगैबीनाथ धाम) ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा है और उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरकर कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना होने लगा है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि अब इस पावन धरती के लिए आधिकारिक तौर पर ‘सुल्तानगंज’ की जगह ‘अजगैबीनाथ’ नाम का इस्तेमाल शुरू कर देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बाबा के भक्तों और स्थानीय विकास के लिए अजगैबीनाथ (सुल्तानगंज) में आधुनिक एयरपोर्ट (हवाई अड्डा) का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए प्रस्तावित स्थल का हवाई सर्वे भी पूरा कर लिया गया है।सुल्तानगंज से देवघर तक फोरलेन सड़क : सुल्तानगंज से देवघर तक की यात्रा को सुगम बनाने के लिए फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इसके साथ ही अगुवानी घाट तक रोपवे की योजना पर भी तेजी से काम होगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में पूरे मेला क्षेत्र को विश्वस्तरीय नागरिक और पर्यटन सुविधाओं से लैस किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए ‘श्रावणी मेला 2026 मोबाइल ऐप’ का लोकार्पण किया। इस डिजिटल पहल से कांवरियों को लाइव दर्शन और श्रद्धालु घर बैठे या यात्रा के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम का लाइव दर्शन कर सकेंगे। कांवर यात्रा मार्ग, प्रमुख विश्राम पड़ाव, आपातकालीन नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की जानकारी मिलेगी। मार्ग में पड़ने वाले सभी चिकित्सा शिविरों और स्वास्थ्य केंद्रों की रियल-टाइम लोकेशन मिलेगा। गंगा घाट पर ठहरने के लिए निर्मित 2,850 बेड की अत्याधुनिक टेंट सिटी और स्वच्छ पेयजल की ट्रैकिंग हो सकेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version