
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक जुलाई से डिग्री कॉलेज रहित 211 प्रखंडों में डिग्री की पढ़ाई शुरू कराई जाए। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि एक जुलाई से डिग्री कॉलेज रहित 211 प्रखंडों में डिग्री की पढ़ाई शुरू कराई जाए तथा नए महाविद्यालयों में बहाली के लिए शीघ्र कमिटी गठित कर रिक्तियों को एक साथ जोड़ा जाए।उन्होंने वित्तरहित महाविद्यालयों के भवन, इंफ्रास्ट्रक्चर, अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या और दी जाने वाली अनुदान राशि का आकलन करने के भी निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में महाविद्यालय स्थापना के लिए भूमि दान देने वाले व्यक्ति या उनके द्वारा अनुशंसित व्यक्ति के नाम पर महाविद्यालय का नामकरण किया जाएगा। इसके अलावा भवन निर्माण या आंशिक सहयोग देने वाले व्यक्ति अथवा उनके द्वारा अनुशंसित व्यक्ति के नाम पर भी महाविद्यालय परिसर के किसी हिस्से का नाम रखा जाएगा।




