
मुंबई। बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस को बुधवार को एक मैसेज के जरिए यह धमकी दी गई, जिसमें धमकी देने वाले ने सलमान की जान की सुरक्षा के बदले 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। यह मैसेज कथित रूप से मुंबई ट्रैफिक पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर भेजा गया, जिसमें साफ तौर पर चेतावनी दी गई कि फिरौती नहीं मिलने पर अभिनेता को गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तफ्तीश शुरू कर दी है। साइबर सेल और अन्य जांच एजेंसियों की टीमें मैसेज भेजने वाले की पहचान के लिए जुटी हुई हैं। पुलिस ने सलमान की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं और उनके घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के आसपास कड़ी सुरक्षा तैनात की गई है।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में यह पहली बार नहीं है जब सलमान को इस तरह की धमकियां मिली हैं। इससे पहले भी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है, खासकर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग की ओर से। ऐसी धमकियों के बाद सलमान की सुरक्षा को लेकर फैंस भी चिंतित हैं और पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है ताकि दोषी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
