
नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन जगत की चर्चित जोड़ी साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। दोनों खिलाड़ियों ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी। साइना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, “कभी-कभी ज़िंदगी हमें अलग रास्तों पर ले जाती है। गहन सोच-विचार और आपसी सहमति के बाद, मैंने और पारुपल्ली कश्यप ने अलग होने का निर्णय लिया है। हम शांति, आत्मविकास और एक-दूसरे के लिए सकारात्मकता को चुन रहे हैं।” साइना ने आगे लिखा, “मैं साथ बिताए पलों के लिए आभारी हूं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस समय हमारी निजता का सम्मान करने के लिए आप सभी का धन्यवाद।”
साइना और कश्यप की शादी दिसंबर 2018 में हुई थी। दोनों की मुलाकात पुलेला गोपीचंद अकादमी, हैदराबाद में हुई थी, जहां वे एक साथ प्रशिक्षण लिया करते थे। साइना नेहवाल ने ओलंपिक कांस्य पदक जीतकर और विश्व रैंकिंग में नंबर 1 स्थान हासिल कर भारत का नाम रोशन किया, वहीं पारुपल्ली कश्यप ने 2014 कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता और वर्ल्ड टॉप 10 में जगह बनाई थी।
स्टार खिलाड़ी साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की पहली मुलाकात साल 1997 में हुई थी। जो दोनों बच्चे थे और एक बैडमिंटन कैंप में मिले थे। साल 2002 के बाद दोनों ने हैदराबाद में पुलेला गोपीचंद अकादमी को ज्वाइन किया। जिसके बाद दोनों नियमित रूप से मिलने लगे। साल 2002 के बाद से इनके बीच दोस्ती हो गई थी। साल 2004 में ही इन दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया था। जिसके बाद साल 2015 में उनके शादी की बात होने लगी, लेकिन करियर पर फोकस करने के कारण दोनों ने इसे टला। हालांकि साल 2018 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए। पारुपल्ली कश्यप अपने करियर पर फोकस करने के साथ ही साथ साइना की भी मदद करते थे।
